छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक सक्रियता तेज, जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी लगातार कर रहे हैं छठ घाटों का निरीक्षण

रोहतास। लोक आस्था, सूर्योपासना, पवित्रता एवं सामाजिक समरसता के महापर्व छठ पूजा के सफल, शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रोहतास जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के सभी अनुमंडलों एवं प्रखंडों में छठ घाटों की तैयारियां व्यापक स्तर पर संचालित की जा रही हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छठ घाटों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासनिक पदाधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण कर रहे हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के छठ घाटों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। जिला स्तरीय पदाधिकारियों को भी विभिन्न क्षेत्रों में छठ घाटों की तैयारियों की निगरानी एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर निकायों के पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में लगातार भ्रमण कर छठ घाटों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को तत्काल चिह्नित कर संबंधित विभागों एवं कर्मियों के माध्यम से उनके निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि छठ महापर्व के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया है कि केवल कागजी तैयारियों तक सीमित न रहकर सभी पदाधिकारी स्वयं स्थल पर जाकर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण हों।

घाटों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

छठ महापर्व की तैयारियों के तहत जिले के सभी प्रमुख एवं ग्रामीण क्षेत्रों के छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घाटों से कचरा, गंदगी, झाड़ियां एवं अन्य अवांछित सामग्री हटाने के साथ-साथ घाटों के आसपास के क्षेत्रों की भी साफ-सफाई कराई जा रही है। नगर निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय स्थापित कर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


घाटों की सीढ़ियों, पूजा स्थलों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नालियों की सफाई, जलजमाव की समस्या का निराकरण तथा घाटों के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पदाधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि अर्घ्य के समय घाटों पर किसी प्रकार की गंदगी अथवा अव्यवस्था न रहे।

खतरनाक एवं संवेदनशील घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे छठ घाटों की पहचान करें जहां पानी की गहराई अधिक है, फिसलन है अथवा किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे घाटों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए आवश्यकतानुसार मजबूत बैरिकेडिंग, लाल झंडे, चेतावनी संकेतक एवं सुरक्षित जलसीमा का निर्धारण किया जाए।

जलाशयों एवं नदियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार गोताखोरों, बचाव दल एवं अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया है। घाटों पर तैनात कर्मियों एवं पुलिस बल को सतर्क रहने तथा श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर ही स्नान एवं अर्घ्य देने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।

प्रकाश व्यवस्था एवं घाटों तक पहुंच पथ को सुगम बनाने पर जोर

छठ महापर्व के दौरान संध्याकालीन एवंमे प्रातःकालीन अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए घाटों एवं उनके संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। विशेष रूप से घाटों की सीढ़ियों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, संपर्क पथों तथा अंधेरे वाले स्थानों पर समुचित रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित विभागों को छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने, सड़कों के गड्ढों को भरने तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को हटाने का निर्देश दिया गया है। ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में संपर्क मार्गों को सुगम बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि छठव्रतियों को घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क

छठ महापर्व के अवसर पर विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

प्रमुख एवं संवेदनशील घाटों पर श्रद्धालुओं के सुरक्षित प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, आवश्यकतानुसार वाहनों के परिचालन का विनियमन, पार्किंग स्थलों का निर्धारण तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की तैयारी की जा रही है। साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर अनावश्यक वाहनों एवं अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित न हो।

स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश

छठ महापर्व के दौरान किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रमुख घाटों पर आवश्यकता के अनुसार प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय सहायता एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

अग्निशमन विभाग एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मियों को भी आवश्यक सतर्कता बरतने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। विद्युत विभाग को घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत तारों, अस्थायी विद्युत संयोजनों तथा अन्य संभावित जोखिमों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।

महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की सुविधा पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि छठ घाटों पर महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। घाटों पर सुरक्षित आवागमन, पर्याप्त प्रकाश, स्वच्छता एवं आवश्यकतानुसार सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिलाओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं को घाटों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने, गहरे पानी में नहीं जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने के लिए जागरूक करने पर भी बल दिया जा रहा है।

जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी एवं समीक्षा

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला स्तरीय पदाधिकारी भी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर छठ घाटों की तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। जहां कहीं भी अतिरिक्त संसाधनों, सफाई, प्रकाश, सुरक्षा, संपर्क पथ अथवा अन्य सुविधाओं की आवश्यकता सामने आ रही है, वहां संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि जिले के प्रत्येक छठ घाट पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहने तथा तैयारियों के पूर्ण होने तक नियमित निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश

जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सभी जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि छठ घाटों से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जाए।

रोहतास जिला प्रशासन छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक छठ घाट पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों तथा वे पूरी श्रद्धा, आस्था एवं निष्ठा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

जिला प्रशासन, रोहतास की अपील है कि सभी श्रद्धालु छठ घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें, निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट