एनएच-19 पर खड़े ट्रेलर में दूसरे ट्रेलर ने मारी टक्कर, चालक गंभीर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 30, 2026
- 56 views
संवाददाता पिंटू कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)--- दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर धनेच्छा स्थित कालका होटल के समीप शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दक्षिणी लेन में पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां खड़े एक ट्रेलर में दुर्गावती की ओर से कर्मनाशा की तरफ जा रहे दूसरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी
हादसे में घायल चालक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के खराड़ी गांव निवासी करीब 30 वर्षीय सोनू यादव के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरे ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कटर की मदद से ट्रेलर का गेट काटकर चालक को बाहर निकाला गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोटें आईं
इसके बाद घायल चालक को इलाज के लिए दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।


रिपोर्टर