मां दुर्गा मंदिर चोरी कांड में आभूषण बरामदगी में देरी से बढ़ा आक्रोश, एकता चौक जाम की चेतावनी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 29, 2026
- 4 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
कैमूर:-- भभुआ शहर स्थित ऐतिहासिक मां दुर्गा मंदिर से चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद चोरी गए सभी आभूषणों की बरामदगी नहीं होने से लोगों में नाराजगी व्याप्त है। शारदीय नवरात्र पर्व के आगमन से पहले मामले के समाधान की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मां दुर्गा मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और नवरात्र के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना, अनुष्ठान तथा माता के भव्य श्रृंगार की परंपरा रही है। ऐसे में मंदिर के आभूषण चोरी होने और उनकी बरामदगी में हो रही देरी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो रही हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शारदीय नवरात्र शुरू होने से पहले चोरी गए आभूषणों की बरामदगी नहीं हुई तो नवरात्र के प्रथम दिन भभुआ शहर के एकता चौक को जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों का कहना है कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। उधर, मामले की जांच में जुटी पुलिस ने अब तक दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कैमूर पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि पुलिस लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि चोरी गए गहनों की बरामदगी की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि कुछ आभूषणों को गलाया जा चुका है। शेष गहनों की बरामदगी और पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए कार्रवाई जारी है। एसपी ने दावा किया कि पुलिस जल्द ही मामले का पूर्ण उद्भेदन कर चोरी गए आभूषणों की बरामदगी से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगी। इधर, नवरात्र पर्व नजदीक आने के साथ ही लोगों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


रिपोर्टर