राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री अहिरवार ने छात्रावास का किया निरीक्षण

छात्राओं को उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचने के लिए किया प्रेरित

राजगढ़ । मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने मंगलवार को राजगढ़ स्थित पुलिस परेड ग्राउंड के समीप संचालित सीनरी वाले छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में उपस्थित छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों एवं छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री अहिरवार ने छात्राओं से भोजन, पेयजल तथा विद्यालय आने-जाने की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा उच्च प्रशासनिक पदों तक पहुंचकर समाज एवं देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि शिक्षा के माध्यम से न केवल स्वयं का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है, बल्कि परिवार और समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को अपने माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों को जागरूक करने तथा शिक्षा के माध्यम से आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों, विशेषकर बागवानी आधारित खेती को अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात कही। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री अहिरवार ने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार के सदस्यों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को सामाजिक समरसता के महत्व की विस्तृत जानकारी देते हुए आपसी सद्भाव, समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट