71 पंचायत सचिवों को मिला प्रभार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 23, 2026
- 15 views
रोहतास।डिजिटलाइजेशन एवं रैंडमाइजेशन के माध्यम से र71 पंचायत सचिवों का अंतर जिला स्थानांतरण के फलस्वरूप रिक्त ग्राम पंचायतों में पदस्थापन
जिलाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों की रिक्त ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिवों के पदस्थापन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न करायी गयी। पंचायत राज विभाग, बिहार,पटना के कार्यालय आदेश संख्या-99/पं०रा०-सह-पठित ज्ञापांक-2117/पं०रा०, दिनांक 09.02.2026 एवं अपर सचिव, पंचायत राज विभाग के पत्रांक-10409/पं०रा०, दिनांक 14.07.2026 के आलोक में रोहतास जिले के अंतर्गत अंतर जिला स्थानांतरण के फलस्वरूप कुल 71 पंचायत सचिवों द्वारा योगदान दिया गया है। इन पंचायत सचिवों के योगदान के उपरांत जिलाधिकारी के स्तर से सभी प्रखंडों की रिक्त ग्राम पंचायतों में उनका पदस्थापन डिजिटलाइजेशन के साथ रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। इस प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह कंप्यूटर आधारित रैंडम लॉजिक का उपयोग किया गया।
जिलाधिकारी ने पदस्थापन की इस प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस व्यवस्था से किसी भी स्तर पर मानवीय पसंद-नापसंद,पक्षपात अथवा पैरवी की संभावना को समाप्त करने में मदद मिलेगी। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किये गये पदस्थापन का प्रत्येक लॉग एवं डेटाबेस डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा। पंचायत सचिवों के पदस्थापन से जिले के रिक्त ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुँचाने तथा पंचायत स्तर पर आम नागरिकों को उपलब्ध करायी जाने वाली सेवाओं के निष्पादन में सुविधा होगी।
यह पहल राज्य सरकार की ‘डिजिटल इंडिया’ एवं ई-गवर्नेंस नीति के अनुरूप प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुगमता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शी, निष्पक्ष एवं तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।


रिपोर्टर