हेल्दी बेबी प्रतियोगिता से लेकर गोदभराई तक, आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनाया पोषण उत्सव
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 25, 2026
- 5 views
बरसठी (जौनपुर)। बाल विकास विभाग बरसठी की ओर से गुरुवार को क्षेत्र के 100 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, रेसिपी प्रदर्शन एवं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीडीपीओ बीनू सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ गर्भवती महिलाओं की देखभाल और संतुलित आहार को लेकर जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा लाभार्थियों को पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।
आंगनबाड़ी केंद्र पुरेसवा में भाजपा जिला महामंत्री संतोष मिश्रा मुख्य अतिथि रहे, जबकि मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह किसान मोर्चा जिला महामंत्री रमेश दुबे मौजूद रहे। आंगनबाड़ी केंद्र असवा में मंडल अध्यक्ष रमेशचंद्र मौर्या मुख्य अतिथि रहे तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष बृजेश सिंह की मौजूदगी रही। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र गोठांव में प्रमोद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। रेसिपी प्रदर्शन में पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों से तैयार व्यंजनों की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें संतुलित आहार, पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही।


रिपोर्टर