निगोह दुर्गा पंडाल में पहुंचे प्रभारी निरीक्षक, कमेटी के सदस्यों को दिए आवश्यक निर्देश
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 18, 2026
- 9 views
बरसठी (जौनपुर)। नवरात्र के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बरसठी पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने निगोह में स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।
प्रभारी निरीक्षक ने कमेटी के सदस्यों से त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने तथा पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने और किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने कमेटी के सदस्यों से कहा कि किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है। इस दौरान कमेटी के सदस्यों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।


रिपोर्टर