विद्यालय खेल प्रतियोगिता निबंधन की अंतिम तिथि 24 सितंबर


रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन रोहतास के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।जिला खेल पदाधिकारी श्री विजय कुमार पंडित ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यालयों के खिलाड़ियों के निबंधन/फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। सभी आवश्यक दस्तावेज खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, न्यू स्टेडियम फजलगंज, सासाराम में जमा किए जाएंगे।इस वर्ष कुल 20 खेल विधाओं - एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, खो-खो, कबड्डी, वुशू, फुटबॉल, क्रिकेट, कराटे, कुश्ती, शतरंज, बैडमिंटन, साइक्लिंग, योगा, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, हॉकी, रग्बी, बॉक्सिंग एवं भारोत्तोलन में बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।कबड्डी, वुशू, भारोत्तोलन, कराटे, कुश्ती एवं ताइक्वांडो वेट कैटेगरी के अनुसार, जबकि अन्य खेल नॉकआउट पद्धति से खेले जाएंगे। आयोजन संभावित रूप से न्यू स्टेडियम फजलगंज, खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, इंडोर बैडमिंटन हॉल एवं उच्च विद्यालय जमुहार में होगा।अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग (आयु गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर) के कक्षा 6 से 12 तक के नियमित विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। इसमें सभी सरकारी, परियोजना बालिका, अंबेडकर, पिछड़ा वर्ग, कस्तूरबा, बुनियादी एवं सीबीएसई/आईसीएसई व बिहार बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय शामिल हैं।एक खिलाड़ी एक कैलेंडर वर्ष में एक ही आयु वर्ग में एक खेल विधा में भाग ले सकता है। एथलेटिक्स में अधिकतम तीन इवेंट्स की अनुमति होगी।योग्यता प्रमाण-पत्र (फोटो सहित), विगत वर्ष का अंक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र एवं प्रतियोगिता तिथि से एक माह पूर्व की उपस्थिति पंजी की प्रधानाध्यापक द्वारा अभिप्रमाणित प्रति। एथलेटिक्स एवं कबड्डी के लिए निर्धारित प्रपत्र भी देना होगा। सभी दस्तावेज प्रधानाध्यापक के फॉरवर्डिंग लेटर के साथ जमा होंगे।जिला पदाधिकारी रोहतास ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को 25 सितंबर तक निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में निबंधन नहीं कराने पर संबंधित प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट