गणतंत्र दिवस परेड-2027 के लिए 16 NSS स्वयंसेवक चयनित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 20, 2026
- 16 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
बोधगया। मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर, लखनऊ तथा गणतंत्र दिवस परेड-2027 में प्रतिभागिता के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों के चयन हेतु विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान स्वयंसेवकों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, सांस्कृतिक प्रतिभा तथा NSS गतिविधियों के प्रति प्रतिबद्धता का मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया के बाद 08 महिला एवं 08 पुरुष स्वयंसेवकों सहित कुल 16 स्वयंसेवकों का चयन किया गया।
कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि NSS युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने चयनित स्वयंसेवकों को आगामी प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कुलसचिव डॉ. बी. के. मंगलम् ने कहा कि चयन विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का परिचायक है। उन्होंने सभी चयनित स्वयंसेवकों को बधाई दी।
NSS समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने कहा कि चयनित स्वयंसेवक राष्ट्रीय स्तर पर मगध विश्वविद्यालय एवं बिहार का गौरव बढ़ाएंगे।
चयन समिति में वासुदेव प्रसाद, डॉ. राजेश कुमार मिश्रा, डॉ. सुस्मिता कर, डॉ. वंदना कुमारी, एनसीसी बटालियन के पीआई स्टाफ नरेंद्र कुमार एवं रवि रंजन शामिल रहे। समिति सदस्यों ने चयनित स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए आगामी प्रशिक्षण एवं परेड की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।


रिपोर्टर