एसएसबी ने सीमावर्ती गांवों में लगाया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर, 424 पशुओं की हुई जांच

84 पशुपालकों को मिला लाभ, पशुओं के बेहतर खानपान और देखभाल के लिए किया गया जागरूक


नरकटियागंज। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 44वीं वाहिनी, नरकटियागंज ने सुरक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में सराहनीय पहल की है। मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को कमांडेंट श्री बलवंत सिंह नेगी के कुशल मार्गदर्शन में वाहिनी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ‘ई’ समवाय मंगूरहा के वाइब्रेंट विलेज मंडीहा एवं जम्होली गांव में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।


शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष कुमार, गौनाहा प्रखंड के द्वारा कुल 424 पशुओं की निःशुल्क जांच की गई तथा उनके स्वामियों को आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। इस शिविर से कुल 84 पशुपालक लाभान्वित हुए। जांच के दौरान गाय, भैंस, बकरी, सुअर और मुर्गी सहित विभिन्न पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।


इस अवसर पर पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित खानपान, उचित रखरखाव और स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, पशुओं की देखभाल में आवश्यक बदलाव करने के लिए भी ग्रामीणों को निर्देशित किया गया, ताकि पशुओं को स्वस्थ रखा जा सके।


कार्यक्रम में निरीक्षक/सामान्य अरुण कुमार सिंह, उप निरीक्षक/सामान्य मनोहर लाल तथा मुख्य आरक्षी/पशु चिकित्सा योगेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


एसएसबी की 44वीं वाहिनी सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ नागरिक कल्याण कार्यक्रमों और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से स्थानीय लोगों की सहायता कर रही है। इस तरह की पहल से सीमावर्ती गांवों के लोगों को लाभ मिल रहा है और सुरक्षा बलों तथा आम नागरिकों के बीच आपसी विश्वास एवं सौहार्द भी मजबूत हो रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट