बरसठी थाने के समाधान दिवस में पहुंचे 15 प्रार्थना पत्र, सभी राजस्व से संबंधित
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 10, 2026
- 27 views
नायब तहसीलदार कृति ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता नायब तहसीलदार कृति ने की। समाधान दिवस में कुल 15 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी प्रार्थना पत्र राजस्व विभाग से संबंधित रहे। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित लेखपालों को सौंपते हुए निष्पक्षता के साथ निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फरियादियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
वहीं, नायब तहसीलदार कृति ने राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों की जांच के लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचें। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि इस कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। समाधान दिवस में उपनिरीक्षक अजय कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा, राजस्व निरीक्षक, संबंधित लेखपाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर