भलुनीधाम में प्रसाद की दुकानें दो दिन से बंद
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 10, 2026
- 3 views
रोहतास । भलुनीधाम में पूजा-पाठ सामग्री, फूल-माला और प्रसाद की दुकानें हटाने के लिए अंचलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी नोटिस के बाद दुकानदारों में आक्रोश व्याप्त है। इसके विरोध में शुक्रवार को दुकानदारों ने बैठक कर अपनी दुकानें नहीं हटाने का निर्णय लिया। विरोधस्वरूप सभी प्रसाद की दुकानें बंद रहीं, जिससे भलुनीधाम में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और श्रद्धालुओं को भी प्रसाद एवं पूजा सामग्री की दुकानें बंद मिलने से परेशानी हुई।बैठक में दुकानदारों ने कहा कि वे वर्षों से भलुनीधाम में फूल-माला, प्रसाद और पूजा-पाठ की सामग्री बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। यही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। ऐसे में दुकानों को हटाने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों का कहना था कि प्रशासन को उनकी आर्थिक स्थिति और परिवारों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए कोई उचित समाधान निकालना चाहिए। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की कि यदि वर्तमान स्थान से दुकानें हटाना आवश्यक है, तो पहले उनके लिए वैकल्पिक जगह की व्यवस्था की जाए, ताकि वे अपना व्यवसाय जारी रख सकें और बेरोजगारी की स्थिति उत्पन्न न हो। उनका कहना था कि वे प्रशासन के आदेश का विरोध करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने परिवारों की आजीविका बचाने और सम्मानपूर्वक जीवनयापन का अवसर पाने के लिए अपनी मांग उठा रहे हैं।दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का निर्देश मिलने पर वे दुकानें हटाने को तैयार हैं, लेकिन उससे पहले उनके रोजगार के वैकल्पिक इंतजाम पर विचार किया जाना चाहिए।


रिपोर्टर