पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में चार अभियुक्त गिरफ्तार, अखनी गांव में ड्रोन से चला सघन तलाशी अभियान
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 21, 2026
- 25 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर------- जिला के नुआंव थाना क्षेत्र के अखनी गांव में पुलिस टीम पर हमला करने और फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद पुलिस ने अखनी गांव की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ड्रोन के माध्यम से पूरे इलाके की निगरानी भी की गई।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे नुआंव थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि अखनी गांव निवासी आरिफ खान और कुछ संदिग्ध व्यक्ति मैरून रंग की टाटा सफारी से अवैध हथियार लेकर दिलदारनगर से परसथुआ की ओर जा रहे हैं। बताया गया कि इसी दौरान गुड्डु यादव उर्फ फुलवदन यादव रॉयल इनफिल्ड बुलेट मोटरसाइकिल से उनकी स्कॉटिंग कर रहा था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक, कैमूर के निर्देशन में नुआंव थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तियरा नहर पुल और महरथा मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान पुलिस ने एक कार और एक टाटा सफारी स्टॉर्म को घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर मौके से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अखनी गांव की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस बल ने गांव और आसपास के संभावित ठिकानों पर तलाशी ली। पूरे अभियान के दौरान ड्रोन के जरिए इलाके की निगरानी की गई, ताकि फरार आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
गिरफ्तार अभियुक्तों में—
पहला नाम अनिश खान, पिता स्वर्गीय निशार खान।
दूसरा फुलवदन यादव उर्फ गुड्डु यादव, पिता महेंद्र यादव।
तीसरा फौजान खान, पिता स्वर्गीय शमसाद खान।
और चौथा गुफरान खान, पिता औरंगजेब खान शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, चारों गिरफ्तार अभियुक्त अखनी गांव, थाना नुआंव, जिला कैमूर के रहने वाले हैं।
वहीं, पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन वाहनों को भी बरामद किया है। बरामदगी में BR45R0868 नंबर की एक मोटरसाइकिल, UP14EL5438 नंबर की एक टाटा सफारी स्टॉर्म और GJ15CD5963 नंबर की एक उजले रंग की कार शामिल है।
पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर अवैध हथियार कहां से लाए जा रहे थे और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस टीम पर फायरिंग और वाहन से टक्कर मारकर भागने के आरोपों को लेकर नुआंव थाना पुलिस द्वारा अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद अखनी गांव और आसपास के इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।


रिपोर्टर