दुर्गावती में प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री से 27 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार, कार जब्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 19, 2026
- 39 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और दुर्गावती पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री के परिसर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 27 से 28 किलो गांजा बरामद होने की बात सामने आई है। वहीं, मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और ओडिशा नंबर की एक लग्जरी कार भी जब्त की गई है।
बताया जा रहा है कि दुर्गावती थाना क्षेत्र के छांव रोड स्थित प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री में गांजा कारोबार किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। शनिवार की सुबह गुप्त सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर एसटीएफ और दुर्गावती पुलिस की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री परिसर में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने फैक्ट्री के अंदर से 14 पेटियों में रखा गांजा बरामद किया। बरामद गांजे का वजन करीब 27 से 28 किलो बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से प्रकाश तिवारी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही गांजा की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाली ओडिशा नंबर की एक लग्जरी कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे मामले में और कितने लोग शामिल हैं तथा फैक्ट्री परिसर का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था।
इस संबंध में दुर्गावती के अंचल अधिकारी राजा कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से लगभग 27 से 28 किलो गांजा बरामद किया गया है। मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बरामद गांजा, जब्त कार और गिरफ्तार आरोपी को लेकर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजा की सप्लाई से संबंधित जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
कैमूर के दुर्गावती से यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री परिसर से करीब 27 से 28 किलो गांजा बरामद होने के बाद एक आरोपी की गिरफ्तारी और लग्जरी कार की जब्ती ने इलाके में चर्चा तेज कर दी है।


रिपोर्टर