तुतला भवानी इको पार्क में डीएम डीएफओ ने खुद उठाये कुडा कर्कट
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 23, 2026
- 3 views
रोहतास। जिले के प्रसिद्ध माँ तुतला भवानी ईको पर्यटन स्थल को स्वच्छ,सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाये रखने के उद्देश्य से आज विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला पदाधिकारी, दीपक कुमार मिश्र एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार के० ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान एनसीसी कैडेट,स्कूली छात्रायें, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर,मीडिया बंधु समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभायी। सभी ने मिलकर पर्यटन स्थल के विभिन्न हिस्सों में सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान जिला पदाधिकारी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने स्वयं कचरा उठाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों को खुद सफाई करते देख अभियान में शामिल लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पर्यटन स्थल के आसपास पड़े कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुँचाया गया और परिसर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया। अभियान के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि पर्यटन स्थलों की सुंदरता और प्राकृतिक वातावरण को बनाये रखने में प्रशासन के साथ आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य माँ तुतला भवानी ईको पर्यटन स्थल को स्वच्छ,सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाये रखना है। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल की प्राकृतिक सुंदरता को बरकरार रखने के लिए नियमित साफ-सफाई के साथ-साथ आम लोगों की जागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सेंचुरी क्षेत्र के अंतर्गत आता है,इसलिए पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यहाँ प्लास्टिक के उपयोग एवं प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता आवश्यक है।
जिला पदाधिकारी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्यटन स्थलों पर कचरा नहीं फैलायें और कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थल न केवल पर्यटकों को आकर्षित करते हैं,बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाले कचरे को खुले में नहीं फेंका जाना चाहिए। पर्यटन स्थल की स्वच्छता केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे नियमित आदत के रूप में अपनाया जाना चाहिए। कहा कि ऐसा स्वच्छता अभियान आगे भी चलाया जाएगा। अभियान में शामिल एनसीसी कैडेट,मीडिया एवं सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों ने भी लोगों से स्वच्छता बनाये रखने की अपील की है।


रिपोर्टर