ग्रामीणों का आमरण अनशन समाप्त, मांगों के समाधान का सांसद सुधाकर सिंह ने दिया आश्वासन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 22, 2026
- 6 views
संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)--- रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धड़हर पंचायत के चांद नहर स्थित पिपरी पुलिया के समीप पिछले तीन दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे ग्रामीणों से बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने मुलाकात की। सांसद ने ग्रामीणों की समस्याओं और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना तथा जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि उनकी मांगें गांव के बच्चों के बेहतर भविष्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हुई हैं। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में विद्यालय तक जाने वाले कच्चे रास्ते को पक्का कराना, बच्चों एवं ग्रामीणों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था, खेल मैदान का निर्माण एवं विकास तथा विद्यालय में स्वच्छ और बेहतर शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित कराना शामिल है।
इस दौरान सांसद सुधाकर सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गांव में जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सांसद ने ग्रामीणों की एकजुटता और अपनी जायज मांगों के लिए किए गए शांतिपूर्ण संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। सांसद के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आमरण अनशन समाप्त कर दिया।


रिपोर्टर