डीएम नये एसपी एवं डीएफओ ने गुप्ताधाम का अंतिम सोमवार को लेकर किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 22, 2026
- 4 views
रोहतास।सावन माह की अंतिम सोमवारी को लेकर ऐतिहासिक गुप्ताधाम में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज 22 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, रोहतास मिस्टर राज एवं वन पदाधिकारी पदाधिकारी, रोहतास स्टालिन फिडल कुमार ने संयुक्त रूप से पनयारी घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम डॉ नेहा कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, यातायात उपाधीक्षक अमरकांत, प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार यादव एवं स्थानीय
अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गुप्ताधाम पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि पनयारी घाट से गुप्ताधाम जाने वाला मार्ग वन-वे रहेगा। श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए एक तरफ से श्रद्धालु गुप्ताधाम की ओर चढ़ाई करेंगे, जबकि दूसरे मार्ग से नीचे लौटेंगे।
इस दौरान अधिकारियों ने पनयारी घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और उनकी सुविधाओं एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मार्ग की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का भी जायजा लिया। जिला प्रशासन द्वारा सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।


रिपोर्टर