बिजली चोरी के मामले में शिवपूजन इंडस्ट्रीज पर 19.51 लाख क्षति का दावा, संचालक ने अधिकारियों पर लगाया पांच लाख रिश्वत मांगने का आरोप
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 22, 2026
- 4 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।दरिहट में विद्युत विभाग और शिवपूजन इंडस्ट्रीज आमने-सामने, दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन
मेसर्स शिवपूजन इंडस्ट्रीज, चैनपुर के संचालक राजू पाण्डेय और विद्युत विभाग के बीच विवाद गहरा गया है। उद्योगपति ने विभाग के अधिकारियों पर पांच लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है, वहीं विभाग ने उद्योगपति पर 19 लाख 51 हजार 884 रुपये की बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए FIR के लिए आवेदन दिया है।
राजू पाण्डेय ने SBPDCL के CMD समेत वरीय अधिकारियों और दरिहट थाने में आवेदन देकर कहा है कि 12 अगस्त को जांच के नाम पर पहुंची टीम ने उनसे पांच लाख रुपये की मांग की और नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने और उद्योग बंद कराने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि उनका 56.7 किलोवाट का स्वीकृत कनेक्शन है और वे नियमित बिल भुगतान करते हैं।
दूसरी ओर सहायक विद्युत अभियंता रवि कुमार द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 12 अगस्त को छापेमारी के दौरान परिसर के बाहर लगा LTCT मीटर सही पाया गया, लेकिन कृषि ट्रांसफार्मर की LT लाइन से 1 Sq. mm चाइनीज वायर के जरिए दो फेज और एक न्यूट्रल की सीधी टेपिंग कर चोरी की जा रही थी। विभाग ने इस दौरान 79.3 kVA का अधिकतम भार दर्ज होने और 19.51 लाख की राजस्व क्षति का दावा किया है।
इस पर संचालक का तर्क है कि 1 Sq. mm के पतले चाइनीज एल्युमिनियम वायर पर 79.3 kVA का लोड चलना तकनीकी रूप से असंभव है, वह एक मिनट में ही गल जाएगा। विभाग ने जब्त वायर और मीटर को थाने में जमा कर विद्युत अधिनियम 135 के तहत कार्रवाई की मांग की है।


रिपोर्टर