उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेटों को रैंक सेरेमनी में मिली नई जिम्मेदारी

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी। 6 बिहार बटालियन एनसीसी की ओर से आयोजित 17वें कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों के लिए रैंक सेरेमनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार कीर्ति चक्र ने चयनित कैडेटों को रैंक प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान कैडेटों में नई जिम्मेदारी मिलने को लेकर उत्साह देखा गया। कमांडिंग ऑफिसर ने रैंक प्राप्त करने वाले कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर में रैंक सेरेमनी एक गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण क्षण होता है। रैंक केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिन कैडेटों को यह जिम्मेदारी दी गई है, वे अपने आचरण और कार्यों से अन्य कैडेटों के लिए उदाहरण बनें।

उन्होंने कैडेटों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को अपने जीवन में अपनाने तथा अनुशासन, समय की पाबंदी और टीम भावना को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

रैंक प्राप्त करने वाले कैडेटों ने भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों एवं एनसीसी अधिकारियों ने कैडेटों का उत्साहवर्धन किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट