डीएम ने सदर मार्डन अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 26, 2026
- 6 views
स्त्री रोग विशेषज्ञ रहीं अनुपस्थित
रोहतास---- जिले के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने शनिवार को सदर अस्पताल, सासाराम का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मॉडल अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर और अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति का सत्यापन कराया गया। इस क्रम में गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. मनी कुमारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि इलाज, जांच, दवा वितरण और अन्य आवश्यक सेवाएं निर्धारित समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें और सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।उन्होंने अस्पताल प्रशासन से स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी और व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर भी बल दिया।


रिपोर्टर