डीएम ने 'पंचायत विकास दिवस' के अवसर पर सभी पात्र परिवारों को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाने का दिया निर्देश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 22, 2026
- 5 views
रोहतास। जिला पदाधिकारी, रोहतास, दीपक कुमार मिश्र ने पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले के सभी पात्र परिवारों को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। आज दिनांक 22.07.2026 को जिला पदाधिकारी द्वारा समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं आपूर्ति पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले का कोई भी पात्र लाभुक राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से महादलित टोलों में अभियान चलाकर पात्र परिवारों की पहचान करने तथा विकास मित्रों के माध्यम से घर-घर जाकर दस्तावेज़ों का संकलन एवं आवेदन प्रक्रिया में सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी अनुमंडल, प्रखंड एवं आपूर्ति पदाधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने, नियमित समीक्षा करने, विशेष शिविर आयोजित करने तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर बल दिया। अधिकारियों को आवेदन प्राप्ति, भौतिक सत्यापन, ऑनलाइन प्रविष्टि एवं स्वीकृति की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि 26 जुलाई 2026 को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिलेभर में विशेष शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र परिवारों के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही 5 अगस्त 2026 तक विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र परिवारों का राशन कार्ड अब तक नहीं बना है अथवा जिनके राशन कार्ड में किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र आवेदन करें और सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं।


रिपोर्टर