कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोहर्रम का ताजिया शांतिपूर्ण ढंग से दफन
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jun 27, 2026
- 14 views
मड़ियाहूं, जौनपुर। मोहर्रम पर्व के अवसर पर मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों में शनिवार को ताजिया जुलूस पूरी शांति, सुरक्षा और धार्मिक आस्था के साथ निकाले गए। निर्धारित स्थलों पर परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार ताजियों को शांतिपूर्ण ढंग से दफन किया गया। प्रशासन एवं पुलिस की कड़ी निगरानी और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के चलते पूरे क्षेत्र में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी तथा नायब तहसीलदार अमित सरोज लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। थाना मड़ियाहूं, थाना बरसठी, थाना रामपुर तथा पूरेसवा क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों, आयोजकों एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। ताजिया जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। मातमी धुनों और धार्मिक परंपराओं के बीच लोगों ने पूरी श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ रस्में अदा कीं। निर्धारित समय पर सभी ताजियों को परंपरागत विधि-विधान के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से दफन कराया गया। प्रशासन ने आमजन, ताजिया कमेटियों, स्वयंसेवकों तथा पुलिस कर्मियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, आपसी सद्भाव और प्रशासनिक सतर्कता के कारण मोहर्रम का पर्व पूरे तहसील क्षेत्र में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


रिपोर्टर