लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान की रोहतास जिला बैठक संपन्न, सदस्यता विस्तार एवं गार्गी पाठशाला स्थापना पर बनी रणनीति
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 21, 2026
- 4 views
रोहतास।लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के अंतर्गत रविवार को सासाराम स्थित होटल अनंता में पूर्वाह्न 11 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता डिवाइन पब्लिक स्कूल के निदेशक एवं अभियान के सक्रिय सदस्य अखिलेश सिंह के नेतृत्व में हुई, जबकि संचालन अभियान के सक्रिय सदस्य रामावतार राय द्वारा किया गया। बैठक में अभियान के मुख्य संरक्षक आईपीएस विकास वैभव द्वारा संकल्पित लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान वर्ष 2027 तक अभियान से 10 लाख सदस्यों को जोड़ने के लक्ष्य को पूरा करने हेतु रोहतास जिले में सदस्यता विस्तार अभियान को गति देने का निर्णय लिया गया। उल्लेखनीय है कि 22 मार्च 2026 को पटना के बापू सभागार में आयोजित अभियान की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्य संरक्षक द्वारा यह संकल्प दिलाया गया था। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आगामी वर्ष रोहतास जिले से 30 हजार से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया तथा जिले के तीनों अनुमंडलों—सासाराम, डेहरी एवं बिक्रमगंज सहित सभी 19 प्रखंडों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अभियान के सक्रिय सदस्य रामावतार राय, जी.एम. अंसारी, विनय सिंह, मदन सिंह, अश्वनी सिंह, निखिल तिवारी, संजय बिंद, श्याम नारायण उरांव, रोहतास जिला गार्गी अध्याय की मुख्य समन्वयक नूतन पांडे, अयान खान, संजू देवी, वृंदा भारती सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मुख्य संरक्षक के संकल्पों को धरातल पर उतारने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में जिलेभर में सदस्यता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वहीं गार्गी अध्याय की जिला मुख्य समन्वयक नूतन पांडे ने घोषणा की कि उनके नेतृत्व में रोहतास जिले के सभी 19 प्रखंडों में निःशुल्क शिक्षा केंद्र "गार्गी पाठशाला" की स्थापना की जाएगी, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक का समापन समाज एवं बिहार के सर्वांगीण विकास, जन-जागरण तथा सामाजिक सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।


रिपोर्टर