जिला प्रशासन खेल विभाग ने किया योग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 21, 2026
- 5 views
रोहतास। जिला प्रशासन तथा खेल विभाग की देखरेख में सासाराम के खेल भवन,न्यू स्टेडियम, फजलगंज में वरीय उप समाहर्ता विनीता कुमारी की अध्यक्षता में अंतररार्ष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षक, योगा खिलाड़ी,बॉक्सिंग खिलाड़ी, हॉकी खिलाड़ी तथा राज्य एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। अपने अध्यक्षीय संबोधन में विनीता कुमारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है,जो स्वस्थ जीवन-शैली अपनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थित प्रतिभागियों से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आये ओमप्रकाश लाल ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों एवं बच्चों ने भी सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए स्वस्थ- समाज निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।


रिपोर्टर