कदमताल से कांपा परेड मैदान, जवानों के जोश ने जीता सभी का दिल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 23, 2026
- 73 views
36 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद बिहार पुलिस को मिले 152 नए जवान
बिहार-- प्रदेश के पश्चिमी चंपारण जिला नरकटियागंज स्थित 44वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल परिसर शुक्रवार को देशभक्ति और अनुशासन के रंग में रंग गया,जब बिहार पुलिस के मुजफ्फरपुर एवं मोतिहारी जिला पुलिस बल के 152 प्रशिक्षु जवानों का दीक्षांत परेड समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशिक्षु जवानों के जोश, अनुशासन और शानदार कदमताल ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि ने ली परेड की सलामी
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महा निरीक्षक, सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, पटना श्री निशित कुमार उज्ज्वल (आईपीएस) उपस्थित रहे। उन्होंने भव्य परेड की सलामी ली तथा प्रशिक्षु जवानों द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट कदमताल का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस बल की सबसे बड़ी पहचान अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को निष्पक्षता एवं पूर्ण समर्पण के साथ राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
सशस्त्र सीमा बल अधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत
मुख्य अतिथि का स्वागत उप महा निरीक्षक श्री हरिप्रकाश एवं 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी द्वारा किया गया। समारोह में सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा, बेतिया पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन सहित कई वरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हथियार संचालन से लेकर आंतरिक सुरक्षा तक मिला प्रशिक्षण
प्रशिक्षुओं ने 36 सप्ताह के कठिन एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, क्षेत्रीय युद्धकला, आंतरिक सुरक्षा एवं सामरिक गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी जवान बिहार पुलिस में सेवा देने के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं।
सामूहिक व्यायाम और श्वान दस्ते के प्रदर्शन ने बांधा समां
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। वहीं सामूहिक व्यायाम, आंखों पर पट्टी बांधकर हथियार संचालन, लाठी प्रदर्शन, रायफल निशानेबाजी प्रदर्शन, वाद्य दल प्रस्तुति एवं श्वान दस्ते के आकर्षक प्रदर्शन ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल द्वितीय कमान अधिकारी गोविंद कुमार ठाकुर,डिप्टी कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, डिप्टी कमांडेंट सचिन शर्मा एवं बिहार पुलिस के अधिकारी, प्रशिक्षकगण, जवानों के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


रिपोर्टर