वीर सपूत को नमन: एसबीआई ने शहीद जवान के परिजनों को दी आर्थिक सहायता
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 20, 2026
- 42 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी-- भारतीय वायु सेना के वीर शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने उनके परिजनों को ₹1.50 करोड़ की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। यह राशि शुक्रवार को जहानाबाद जिले के बनवरिया गांव में आयोजित एक सादे एवं भावुक कार्यक्रम के दौरान शहीद जवान की माता श्रीमती पूनम शर्मा को सौंपी गई।
गौरतलब है कि फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार असम के जोरहाट में हुए भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हो गए थे। राष्ट्र सेवा में उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए एसबीआई गया के उप महाप्रबंधक श्री थाना राम सोलंकी, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री निर्मल कुमार तथा खिजरसराय शाखा के शाखा प्रबंधक ने संयुक्त रूप से बीमा राशि का चेक उनकी माता को सौंपा।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया श्री दीपक कुमार, वार्ड सदस्य श्री राकेश कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शहीद जवान के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारतीय स्टेट बैंक, गया परिवार ने शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र की रक्षा में दिया गया उनका बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत और स्मरणीय रहेगा।


रिपोर्टर