वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर पांडे की तेरहवीं में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि अर्पित कर दी गई भावभीनी विदाई
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 19, 2026
- 6 views
दुर्गावती संवाददाता पिन्टु तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती (कैमूर), 18 जून। दुर्गावती प्रखंड अंतर्गत इसीपुर गांव में गुरुवार को वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर पांडे की तेरहवीं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित हुए और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने श्याम सुंदर पांडे के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की मिसाल कायम की। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। बताते चलें कि गत 6 जून को ब्रेन हेमरेज के कारण वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर पांडे का निधन हो गया था। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे जिले सहित पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके निधन के बाद से ही विभिन्न सामाजिक एवं पत्रकार संगठनों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई । तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय पांडे हमेशा समाज के दबे-कुचले और आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे। उनकी सरलता, विनम्रता और समाज के प्रति समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। इस मौके पर जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे अनेक वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा शुभचिंतकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना प्रदान की। श्याम सुंदर पांडे के निधन से न केवल पत्रकारिता जगत, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी एक बड़ी रिक्तता उत्पन्न हुई है। उनके योगदान और आदर्शों को हमेशा याद किया जाएगा।


रिपोर्टर