रक्तदान महादान: विश्व रक्तदाता दिवस पर सीआरपीएफ जवानों ने निभाया मानवता का धर्म
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 14, 2026
- 5 views
47 बटालियन सीआरपीएफ में रक्तदान शिविर, कमांडेंट ने दिलाई सेवा की शपथ
गयाजी। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जेल परिसर स्थित 47 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय के मनोरंजन कक्ष में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन 47 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट अवधेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कमांडेंट अवधेश कुमार ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को स्वैच्छिक रक्तदान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार, सहायक कमांडेंट देवेन्द्र सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर से पूर्व चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार वर्मा एवं डॉ. प्रभात कुमार ने जवानों को रक्तदान के महत्व, इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभ तथा आपातकालीन परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर कमांडेंट अवधेश कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि यह सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है। उन्होंने जवानों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
शिविर में अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग देना था।


रिपोर्टर