आगामी 16 जून को बिहार के मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारी तेज
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 13, 2026
- 3 views
अनुमंडल संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
भगवानपुर/कैमूर:-- भभुआ अनुमंडल भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत स्थित विश्व प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम में आगामी 16 जून को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की सफलता एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रोहतास प्रक्षेत्र के डीआईजी, कैमूर पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी मुंडेश्वरी परिसर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थल, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
मुंडेश्वरी धाम में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन का प्रयास है कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।
फिलहाल प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं और सभी विभाग कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं।


रिपोर्टर