ट्रेनिंग एवं सम्मान समारोह सम्पन्न, 14 राज्यों में फैल रहा जागरूकता अभियान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 07, 2026
- 5 views
रोहतास। आर्श हेल्थ इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ट्रेनिंग एवं सम्मान समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ0 आलोक कुमार तिवारी ने कहा कि बिहार में एक नयी प्रवृत्ति तेजी से उभर रही है, जहाँ विभिन्न स्थानों पर स्वयंभू नेता सामने आ रहे हैं। ये लोग अपने आपको ग्रामीण चिकित्सकों का हितैषी और मसीहा बताकर चंदा उगाही के माध्यम से उनका शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तथाकथित नेता ग्रामीण चिकित्सकों के बीच भ्रम फैलाते हैं कि वे सरकार से उनकी लड़ाई लड़ रहे हैं और जल्द ही नौकरी दिलायी जायेगी,जबकि वास्तविकता इससे कोसों दूर है। न तो ये चिकित्सकों को सही दिशा दे पा रहे हैं और न ही उनके भविष्य के लिए कोई ठोस पहल कर रहे हैं। डॉ0 तिवारी ने कहा कि आर्श हेल्थ इंडिया फाउंडेशन द्वारा संचालित “चिकित्सक मंच” के माध्यम से प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को ग्रामीण चिकित्सकों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस मंच के जरिये उन्हें उचित मार्गदर्शन और व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जाता है,ताकि वे समाज में सम्मानपूर्वक अपनी सेवाएँ दे सकें।.उन्होंने यह भी कहा कि नौकरी एक दीर्घकालिक प्रक्रिया है, लेकिन जब तक रोजगार का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक चिकित्सकों को स्वयं को प्रशिक्षित और सक्षम बनाना आवश्यक है, जिससे वे “झोलाछाप” जैसे नकारात्मक टैग से ऊपर उठ सकें।
संस्था का यह शिक्षित करने का अभियान अब एक व्यापक आंदोलन का रूप ले रहा है। वर्तमान में आर्श हेल्थ इंडिया फाउंडेशन बिहार, झारखंड,उत्तर प्रदेश सहित देश के 14 राज्यों में सक्रिय है और ग्रामीण चिकित्सकों को संगठित कर उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों में डॉ0.शोभा,संतोष ओझा,शशिरंजन, डॉ0 रामचंद्र सिंह,अमित वर्मा, मिथलेश तिवारी, युगेंद्र, प्रदीप, संतोष, सोनी मौर्या, धनंजय,सुदामा,मुरारी तथा अजित सहित सैकड़ों ग्रामीण चिकित्सकों की उपस्थिति रही। सभी ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए अपना विश्वास व्यक्त किया।


रिपोर्टर