नाला सफाई के नाम पर लूट का आरोप, जलजमाव से फूटा लोगों का गुस्सा

कुदरा नगर पंचायत के लालापुर वार्ड-1 में नाली जाम, मुख्य मार्ग बाधित; स्ट्रीट लाइट नहीं होने से बढ़ी परेशानी


सहायक संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 


कुदरा (कैमूर):-- कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र के लालापुर वार्ड संख्या-1 में नाली जाम होने से सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़क पर पानी भर जाने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। नाराज नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही और नाला सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड में लंबे समय से नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि मुख्य मार्ग पर जलभराव होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि लालापुर मार्ग से प्रतिदिन आसपास के गांवों के लोग बाजार करने के लिए कुदरा आते-जाते हैं। लेकिन सड़क पर पानी जमा रहने के कारण लोगों को रास्ता बदलकर जाना पड़ रहा है, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ गई हैं।


स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रात के समय हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। उनका कहना है कि ट्रेन से उतरकर आने वाले कई लोग अंधेरे के कारण खुले नाले में गिर जाते हैं। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि स्ट्रीट लाइट की समस्या वर्षों से बनी हुई है।

नगरवासियों ने कहा कि पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद इलाके में एक भी नई स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई। वहीं ब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटें भी केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गई हैं और उनका कोई लाभ आम लोगों को नहीं मिल रहा।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर केवल धन की बर्बादी और लूटपाट का खेल चल रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द नाली सफाई, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।

नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल क्षेत्र में जलजमाव और बदहाल व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट