एक लाख के इनामी भोले राजभर पर प्रशासन का शिकंजा, बुलडोजर चलाकर हटाया अवैध कब्जा

एक लाख के इनामी भोले राजभर पर प्रशासन का शिकंजा, बुलडोजर चलाकर हटाया अवैध कब्जा

फरार हत्यारोपित से 59 डिसमिल जमीन कब्जामुक्त*

भारी पुलिस बल के बीच प्रशासन की कार्रवाई*

खेतासराय / सरायख्वाजा।

 आजाद बिंद हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपित भोले राजभर पर प्रशासन ने वारदात के 20वें दिन शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के आदेश पर बुधवार को एसडीएम शाहगंज कुणाल गौरव ने नायब तहसीलदार राहुल सिंह के नेतृत्व में राजस्व, चकबंदी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम लपरी स्थित सरकारी ऊसर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर चलाकर मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासनिक टीम ने उक्त गांव में  गाटा संख्या 841 रकबा 3.54 डीमल ऊसर भूमि का मौके पर निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि फरार आरोपित भोले राजभर द्वारा करीब 59 डिसमिल भूमि पर अनाधिकृत कब्जा कर खेती की जा रही थी। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया और भूमि के चारों कोनों पर झंडी लगवाकर सरकारी कब्जा सुनिश्चित कराया।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सरायख्वाजा थाना प्रभारी अमरेंद्र पांडे समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

गौरतलब है कि गत एक मई को आजाद बिंद बारात लेकर खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा (बीबीपुर) जा रहा था। घर से करीब सात किलोमीटर पहले बादशाही बाजार के पास घात लगाए बदमाशों ने ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के पिता राम लखन की तहरीर पर जपटापुर निवासी भोले राजभर, खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी निवासी रवि यादव तथा आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के चिकसावा गांव निवासी प्रदीप बिंद के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने तीनों आरोपितों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वारदात के बाद से एसआईटी और एसटीएफ की टीमें लगातार विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

इधर, मृतक आजाद बिंद की बहन सौम्या बिंद लगातार आंदोलन और प्रदर्शन कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।

वर्जन-

जपटापुर निवासी भोले राजभर ने लपरी में सरकारी जमीन पर तकरीबन 59 डिसमिल जमीन कब्जा कर रखा था । राजस्व टीम के साथ वहां से कब्जा मुक्त कराया गया।

एसडीएम, कुणाल गौरव शाहगंज ।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट