अनियंत्रित पिकअप ने मचाया कहर युवक की मौत, आधा दर्जन घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 16, 2026
- 79 views
पुलिस-एम्बुलेंस की देरी पर भड़के ग्रामीण, भभुआ-मोहनिया मार्ग रहा जाम
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:– मोहनिया-भभुआ पथ पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस और एम्बुलेंस के देर से पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।जानकारी के अनुसार, घटना भभुआ–मोहनिया रोड स्थित बबुरा गांव के उर्दू मध्य विद्यालय के समीप सुबह करीब 11 बजे हुई। बताया जाता है कि मोहनिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने पहले बेलांव से मोहनिया जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार धर्मेन्द्र पासवान, निवासी चंकी थाना बेलांव, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक, जो अहीरांव गांव का निवासी बताया जा रहा है, गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी पिकअप चालक वाहन लेकर नहीं रुका। कुछ दूरी आगे बबुरा गांव स्थित मस्जिद के पास उसी पिकअप ने एक ई-रिक्शा में भी जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा पर सवार एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि करीब ढाई घंटे तक न तो एम्बुलेंस पहुंची और न ही पुलिस। इस दौरान मृतक का शव सड़क पर ही पड़ा रहा, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने भभुआ–मोहनिया मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इधर, स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को निजी वाहनों से भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। करीब ढाई घंटे बाद तीन एम्बुलेंस के साथ भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया और सड़क जाम समाप्त कराया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।


रिपोर्टर