तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रक ने मारी टक्कर, मकान के पिलर से टकराकर हुआ क्षतिग्रस्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 12, 2026
- 312 views
हादसे में चालक गंभीर घायल, कुदरा पीएचसी से हायर सेंटर रेफर
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे कि रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब तीन बजे मोहनिया से सासाराम की ओर जा रही तेज रफ्तार गिट्टी लदी ट्राली ट्रक ने आगे चल रही एक ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सर्विस रोड पार करते हुए एक मकान के पिलर से जा टकराया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे में ट्रक चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा पहुंचाया। घायल चालक की पहचान विकास पांडे, पिता राम कुंवर पांडे, ग्राम भैरवा थाना चांद, जिला कैमूर निवासी के रूप में की गई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार तेज रफ्तार और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से ओवरस्पीड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।


रिपोर्टर