भारतीय ब्राह्मण महासभा ने भगवान परशुराम जयंती मनाया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 20, 2026
- 18 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे।
डेहरी रोहतास।शहर में भगवान परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई गई। रविवार को न्यू एरिया मुहल्ला स्थित संगठन के कार्यालय ओझा भवन में आयोजित जयंती समारोह की अध्यक्षता अनिल मिश्रा ने किया। भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा अर्चना उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। इसके उपरांत वक्ताओं ने बताया कि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव हिंदू पंचांग के मुताबिक वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की अक्षय तृतीया को मनाई जाती है। भगवान परशुराम का जन्म प्रदोष काल में हुआ माना जाता है। मौके पर संचालन करते सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक परशुराम जी को अमरत्व का वरदान प्राप्त है।
श्री तिवारी ने कहा कि वे 'सप्त चिरंजीवियों' में से एक हैं जो आज भी पृथ्वी पर मौजूद माने जाते हैं। वे ऋषि जमदग्नि और माता रेणुका के पुत्र थे। उन्हें भगवान शिव का परम भक्त माना जाता है जिन्होंने उन्हें 'परशु' (फरसा) शस्त्र प्रदान किया था। उन्होंने पृथ्वी को 21 बार अत्याचारियों से मुक्त किया था। वे भीष्म, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे महान योद्धाओं के गुरु भी रहे हैं। वे कलियुग के अंत में भगवान विष्णु के अंतिम अवतार, भगवान कल्कि के गुरु बनेंगे और उन्हें युद्ध कला की शिक्षा देंगे। इस मौके पर वक्ताओं ने अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती पर सरकार से अवकाश घोषित करने की मांग किया। शहर में उनकी मूर्ति स्थापित करने का निर्णय लिया साथ ही यूजीसी के नए नियम को वापस लेने की मांग किया।
परशुराम जयंती समारोह में संगठन के नेताओं ने बाल विवाह, दहेज प्रथा व नशा मुक्ति पर बल दिया साथ ही बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की चर्चा किया। जयंती समारोह में संगठन के अनिल तिवारी, पंकज ओझा, मोनू पांडेय, संतोष पांडेय, श्याम जी तिवारी, परमानंद दूबे, संजीव मिश्रा, प्रेम पाठक, सुरेंद्र चौबे,उमेश दूबे,अजय कुमार, आनंद मिश्रा, दिलीप दूबे,दिग्विजय उपाध्याय, पप्पू उपाध्याय, बिनोद पांडेय आदि शामिल थे।


रिपोर्टर