भिवंडी में आग का तांडव ! 100 फुट रोड पर दो गोदाम खाक, लाखों का नुकसान
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 12, 2026
- 52 views
“भिवंडी। शहर के फातमा नगर इलाके में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 100 फुट रोड स्थित दो गोदामों में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गोदाम में स्क्रैप सामग्री और कपड़ों की चिंदी भारी मात्रा में जमा थी, जबकि दूसरे गोदाम में ड्राई फ्रूट का स्टॉक और गारमेंट फैक्ट्री संचालित हो रही थी, जहां शर्ट सिलाई का काम होता था। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग ने तेजी से फैलकर पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बड़े हादसे को टाल दिया। अग्निशमन दल के कर्मचारी नितिन लाड ने बताया कि गोदाम में रखी चिंदी और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैली, लेकिन समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। वहीं स्थानीय नगरसेवक साजू सिद्दीकी ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी।इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गोदाम मालिक मोहम्मद यूसुफ ने भी भारी नुकसान की पुष्टि की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच जारी है।


रिपोर्टर