बरसठी थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक संपन्न, जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Apr 11, 2026
- 100 views
बरसठी, जौनपुर। आगामी अम्बेडकर जयंती के मद्देनज़र बरसठी थाना परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों व समाजसेवियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक के दौरान जयंती के अवसर पर निकलने वाले जुलूस, विभिन्न कार्यक्रमों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या असामाजिक गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें न फैलाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और अम्बेडकर जयंती को शांति व भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने की बात कही है, ताकि कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो सके।


रिपोर्टर