भिवंडी में जुआ अड्डों का ‘रीलोड’, विधायक के नाम पर संरक्षण का आरोप, महिलाओं ने किया भंडाफोड़
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 10, 2026
- 97 views
उचित पाड़ा में बुर्का पहनी महिलाओं का छापा, वीडियो वायरल; बच्चों की कमाई जुए में उड़ने से भड़का गुस्सा
भिवंडी। भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र में अवैध मटका जुआ के अड्डों को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जिन अड्डों पर पहले कार्रवाई के बाद ताला लग गया था, वे अब दोबारा सक्रिय हो गए हैं। इस बार मामला तब गरमा गया जब स्थानीय महिलाओं ने खुद मोर्चा संभालते हुए एक जुआ अड्डे पर धावा बोल दिया और पूरे खेल की पोल खोलकर रख दी।
विधायक रईस कासम शेख, जो विधानसभा में विभिन्न मुद्दों को उठाने और जुआ अड्डों के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए जाने जाते हैं, अब अपने ही क्षेत्र में उठे सवालों के घेरे में आ गए हैं। सूत्रों का दावा है कि जुआ अड्डों को कथित तौर पर स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिल रहा है, जिसके चलते बंद पड़े अड्डे फिर से चालू हो गए।
ताजा मामला उचित पाड़ा इलाके का है, जहां लंबे समय से मटका जुआ चलने की शिकायतें सामने आ रही थीं। हालात तब विस्फोटक हो गए जब बुर्का पहने महिलाओं के एक समूह ने सीधे अड्डे पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे मामला सुर्खियों में आ गया।
महिलाओं का आरोप है कि उनके घरों की आर्थिक स्थिति जुआ की वजह से बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि इलाके के कई पुरुष अपनी पूरी महीने की कमाई इन अड्डों पर हार जाते हैं, जिससे परिवारों पर संकट आ गया है। इतना ही नहीं, जुआ अड्डों के आसपास नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है, जिससे महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत करने पर जुआ संचालक उन्हें धमकाते हैं और कहते हैं कि “अपने पति को भेजो, हम देख लेंगे।” इससे इलाके में भय का माहौल बन गया है।
घटना के बाद महिलाओं ने शांतिनगर पुलिस और भिवंडी पुलिस उपायुक्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इन अड्डों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस पूरे मामले ने एक बार फिर शहर में अवैध गतिविधियों और उनके कथित संरक्षण पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं और क्या जुआ माफिया पर वास्तव में लगाम लग पाती है या नहीं।


रिपोर्टर