नुक्कड़ नाटक में ओसिस स्टडी सेंटर के बच्चों ने मारी बाजी, जिले में हासिल किया प्रथम स्थान

जिला स्तरीय युवा उत्सव में बच्चों की शानदार प्रस्तुति, डीएम ने मेडल और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर--- 30 अक्टूबर 2026 जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 में ओसिस स्टडी सेंटर, शिवहर के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया। इस उपलब्धि से संस्थान के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।

जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय के तत्वावधान में 29 एवं 30 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुक्रवार को राष्ट्रगान के साथ भव्य समापन हुआ। उत्सव में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए युवाओं ने अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।


प्रतियोगिता के दौरान समूह नुक्कड़ नाटक में ओसिस स्टडी सेंटर, शिवहर के बच्चों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, समूह लोकगायन प्रतियोगिता में मां गायत्री संगीत विद्यालय, शिवहर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों एवं युवाओं को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है। साथ ही कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को भी बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त संजय कुमार, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अहमद अब्दाली सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। मौके पर प्रतिभागियों, अभिभावकों और स्थानीय कलाप्रेमियों की भी अच्छी भागीदारी रही।

ओसिस स्टडी सेंटर के बच्चों की इस सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट