रसोई में लगी भीषण आग से गरीब परिवार बेघर मचा हाहाकार

बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के भदराव गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खाना बनाते समय अचानक लगी आग ने एक गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। पीड़ित रामाश्रय गौतम के घर में देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग उस समय लगी जब घर में खाना बनाया जा रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अनाज, कुछ नगदी और रोजमर्रा का जरूरी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और अधिकांश सामान जल चुका था।

ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब है और इस हादसे के बाद उनके सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट