सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी मनाने को लेकर प्रशासन मुस्तैद
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 26, 2026
- 21 views
रोहतास ।जिले के 275 स्थानों पर 334 दंडाधिकारी एवं 314 पुलिस पदाधिकारी के साथ साथ काफी संख्या में पुलिस के जवानों की हुई प्रतिनियुक्ति। सभी प्रखंडों के बीडीओ,सीओ एवं थानाध्यक्ष लगातार सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था पर रखेंगे कड़ी नजर। जिला साइबर सेल एवं सोशल मीडिया टीम 24 घंटे सक्रिय रहकर सोशल मीडिया पर रखेगी कड़ी नजर। जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध त्वरित करवाई का दिया निर्देश। जिले में शांतिपूर्ण तरीके से रामनवमी पर्व मनाने को लेकर सासाराम अनुमंडल क्षेत्र में 170 जगहों पर 191 दंडाधिकारी एवं 179 पुलिस पदाधिकारी,डेहरी अनुमंडल में 55 जगहों पर 63 दंडाधिकारी एवं 62 पुलिस पदाधिकारी तथा बिक्रमगंज अनुमंडल में 50 जगहों पर 58 दंडाधिकारी तथा 51 पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया गया है। तीनों अनुमंडल में 14 वरीय पदाधिकारी एवं 14 पुलिस पदाधिकारी को दो शिफ्टों में गश्ती दल में रखा गया है। साथ ही थाना स्तर से बाइक गश्ती की जायेगी।
इसके साथ ही चेनारी,नोखा ,नासरीगंज और रोहतास में 4 अतिरिक्त दंडाधिकारी एवं 4 पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है,जबकि तीनों अनुमंडल में विशेष निगरानी के लिए 4 वरीय दंडाधिकारी एवं 4 पुलिस पदाधिकारी की भी प्रतिनियुक्त की गयी है। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को ससमय प्रतिनियुक्ति-स्थल पर पहुँच कर अपने दायित्व का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। जिला पदाधिकारी ने कहा है कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें। शांति भंग करने वाले या कानून को हाथ में लेने वाले असमाजिक तत्वों पर तत्काल विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। सादे लिबास में पुलिसकर्मी शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे। सभी पदाधिकारियों को पूरी तरह से चौकस रहने का निर्देश दिया गया है। विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर वरीय अधिकारियों को जवाबदेही दी गयी है,जो सीधे पल-पल की गतिविधियों से जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को अवगत करायेंगे। सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि आपस में समन्वय बनाकर लगातार सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर स्थिति पर कड़ी नजर रखेंगे।
जिले की पल पल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 26 मार्च के पूर्वाह्न से रामनवमी जुलूस समाप्ति तक लगातार कार्य करेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06184226072 / 06184226096 है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त और वरीय पुलिस पदाधिकारी के प्रभार में पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र डेहरी को रखा गया है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष में क्विक रिस्पांस टीम, वज्रवाहन,अग्निशमन,एम्बुलेंस आदि की तैनाती की गयी है। अग्निशाम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अग्निशाम दस्ता को हर समय तैयार रखेंगे,ताकि आपात स्थिति में ससमय नियंत्रण किया जा सके।
जुलूस के दौरान कभी-कभी लोगों के द्वारा निर्धारित मार्ग का भी उल्लंघन किया जाता है। इसपर नजर रखते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि बैठक में मार्गों को इस प्रकार तय किया जाय कि किसी भी पक्ष को कोई शिकायत नहीं हो। एक बार मार्ग निर्धारित कर लेने के बाद इसे कड़ाई से अनुपालन कराना आवश्यक है। साथ ही पुरानी अनुज्ञप्तियों की अनुज्ञप्ति हेतु अनुमण्डल पदाधिकारी स्वीकृति दें, यदि नयी अनुज्ञप्ति का प्रस्ताव आये तो उसे पुलिस अधीक्षक के यहाँ अपने मंतव्य सहित भेजें। सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने थानांतर्गत सभी चौकीदार एवं दफादार को सख्त निर्देश देंगे कि वे उक्त अवसर पर अपने क्षेत्र अंतर्गत उपस्थित रहकर आसूचना संकलन करेंगे तथा कहीं किसी प्रकार का तनाव होने पर इसकी सूचना थाना को तत्काल देंगे।


रिपोर्टर