संदेहास्पद स्थिति में विवाहिता की मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका; पति और सास हिरासत में
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 22, 2026
- 2 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर :- जिले के सोनहन थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनहन गांव में रविवार को एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतका की पहचान राकेश कुमार की पत्नी देवंती कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पति राकेश कुमार और पत्नी देवंती कुमारी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। झगड़े के बाद परिवार के अन्य सदस्य खेतों में धान की कटनी करने चले गए थे। दोपहर में जब परिजन घर लौटे, तो देवंती का शव कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 5 वर्ष और 3 वर्ष बताई जा रही है।
मृतका के पिता विजय राम ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया, "पिछले 8 दिनों से मेरी बेटी से बात नहीं हो पा रही थी। मुझे लगा कि गरीबी के कारण काम में व्यस्त होंगे, इसलिए फोन नहीं कर रहे हैं। आज फोन पर सूचना दी गई कि बेटी की तबीयत बहुत गंभीर है, लेकिन जब मैं यहां पहुंचा तो वह मृत पड़ी थी। उसके गर्दन पर निशान हैं, जिससे मुझे शक है कि या तो उसकी गला दबाकर हत्या की गई है या उसे फांसी लगाने पर मजबूर किया गया है।" घटना की सूचना मिलते ही सोनहन थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति राकेश राम और उसकी सास को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि
"शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मृतका के पति और सास को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"


रिपोर्टर