ला छात्रा की मौत परिजनों पर जबरन सगाई का आरोप


रोहतास ।जिले के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह यूनिवर्सिटी परिसर में स्थित नारायण लॉ कॉलेज के हॉस्टल में एक छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।


मृतका की पहचान प्रियंका सिंह के रूप में हुई है, जो कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के बैरी गांव की रहने वाली थी। बताया जाता है कि बीते 25 फरवरी को ही उसकी सगाई शिवसागर थाना क्षेत्र के नींव गांव के रहने वाले एक युवक से हुई थी।


घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। इस दौरान फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें परिजनों के दबाव में शादी की बात लिखी गई है। उक्त पत्र को पुलिस ने जब्त कर लिया है।


पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां मेडिकल टीम गठित कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।


इस संबंध में एसपी रौशन कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट