आरएसके पब्लिक स्कूल में राधा-कृष्ण झांकी एवं होली-रमजान सद्भाव कार्यक्रम आयोजित
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 03, 2026
- 42 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डिहरी।बस्तीपुर स्थित आर एस के पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राधा-कृष्ण झांकी एवं होली-रमजान सद्भाव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हें विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों के माध्यम से वृंदावन की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।
बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की लीलाओं का जीवंत मंचन किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित शिक्षकों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने होली के पावन पर्व पर प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दिया। बच्चों ने बताया कि होली रंगों का त्योहार है, जो आपसी सद्भाव और मेल-मिलाप का प्रतीक है।
कार्यक्रम में स्कूल निदेशक आनंद सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में पवित्र रमजान का महीना भी चल रहा है। होली और रमजान का एक साथ पड़ना आपसी सामंजस्य, धार्मिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सभी हिंदू-मुस्लिम भाई-भाई हैं और हमें प्रेम, सद्भाव एवं एकता की भावना को सदैव मजबूत बनाए रखना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन आपसी बधाई और मिठाइयों के वितरण के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


रिपोर्टर