जदयू के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष पर लगा गंभीर आरोप
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 02, 2026
- 32 views
रोहतास।सासाराम के पटेल धर्मशाला में संपन्न हुए जदयू के जिलाध्यक्ष निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगना शुरू हो चुका है। सबसे पहले तो उन पर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगा। उसके बाद कुछ लोगों के द्वारा उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। जदयू के वरीय नेता डॉ निर्मल कुमार के द्वारा आरोप लगाया गया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष बिंदा चंद्रवंशी के द्वारा पार्टी विरोधी कार्य किया गया है। डेहरी विधानसभा में चुनाव के दौरान राजद पार्टी से उनकी जाति के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे,जिस कारण से उनके द्वारा पार्टी हितों को ताक पर रखकर जाति के प्रत्याशी को जीतने के लिए कार्य किया गया। उनके इस कार्य की शिकायत डेहरी विधायक सोनू सिंह के द्वारा पार्टी कार्यालय में लिखित तौर पर की गई है। इसके बावजूद निर्वाचित पदाधिकारी के द्वारा उन्हें जेडीयू का जिलाध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया। उनका यह कार्य पार्टी को कमजोर करने वाला है। बिंदा चंद्रवंशी समय आने पर पार्टी से ज्यादा अपनी जाति पर फोकस करेंगे। इसके बाद रोहतास जिला में पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष ने भी बिंदा चंद्रवंशी के निर्वाचन पर सवाल खड़ा किया। आरोप लगाया कि किसी भी उम्मीदवार को नामांकन नहीं करने दिया गया,जिस कारण से चुनाव के दौरान सीधे तौर पर नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष को लाभ पहुंचाया गया। यह कार्य पहले से तय था,और तय कार्यक्रम के अनुसार बिंदा चंद्रवंशी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा कई दावेदारों के द्वारा भी बिंदा चंद्रवंशी के निर्वाचन को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए तथा निर्वाचन को फिर से कराने की मांग की गई। गौरतलब हो कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान चुनावी पर्यवेक्षक कहीं पर दिखाई नहीं दिए,इसके बाद इन आरोपों को और हवा मिली और पूरी चुनावी प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में आ गई है।


रिपोर्टर