सूरत ज्वेलरी चोरी कांड का खुलासा बरसठी पुलिस ने 8 लाख के माल सहित दो अभियुक्त को किया गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 27, 2026
- 266 views
बरसठी, जौनपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों तथा वांछित वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूँ के पर्यवेक्षण में थाना बरसठी पुलिस ने गुजरात पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सूरत शहर में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का खुलासा कर दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक बरसठी जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में उ0नि0 सुरेन्द्र सिंह व हे0का0 उमाशंकर सिंह सहित पुलिस टीम ने गुजरात राज्य के थाना सिंगनपुर डबोली जिला सूरत सिटी पुलिस के उ0नि0 डी.जे. सिसोदिया व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दिनांक 27 फरवरी 2026 को समय लगभग 16:30 बजे चतुर्भुजपुर पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त किशन पुत्र कमलाशंकर दुबे निवासी ग्राम गहली थाना बरसठी जनपद जौनपुर तथा सुनील सन्तोष भाई साहू पुत्र सन्तोष भाई साहू निवासी राजमंदिर रेजिडेंसी थाना कड़ोदरा जनपद सूरत देहात गुजरात को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियुक्तगण थाना सिंगनपुर डबोली, सूरत सिटी में पंजीकृत मु0अ0सं0 114/2026 धारा 331(4), 305, 317(2) बीएनएस के तहत वांछित चल रहे थे। अभियुक्तों ने 21 फरवरी 2026 की रात सूरत स्थित ब्लू बेला ज्वेलर्स, जीरीकोन प्लस बिल्डिंग, अंकुश स्कूल के बगल, अम्बा तालाब क्षेत्र से आभूषणों की चोरी की थी।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया गया, जिसमें सफेद धातु 85 ग्राम, पीली धातु 72 ग्राम, चाँदी 37 ग्राम, सफेद धातु 22 ग्राम, क्रिस्टल एवं डायमण्ड (सफेद व ग्रे पैकेट में) 71 ग्राम, क्रिस्टल व रिंग डायमण्ड 85 ग्राम सहित कुल लगभग 8 लाख रुपये मूल्य के आभूषण तथा 4300 रुपये नगद शामिल हैं। पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेते हुए विधिक कार्यवाही पूर्ण की तथा गिरफ्तार अभियुक्तों एवं बरामद सामान को ट्रांजिट रिमाण्ड हेतु गुजरात पुलिस के सुपुर्द कर माननीय न्यायालय के लिए रवाना कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव, उ0नि0 सुरेन्द्र सिंह, हे0का0 उमाशंकर सिंह (थाना बरसठी जौनपुर) तथा उ0नि0 डी.जे. सिसोदिया, हे0का0 सहदेव सिंह भूपत सिंह, हे0का0 अतुल कुमार मदन मोहन व कांस्टेबल संजय हिकू भाई (थाना सिंगनपुर डबोली, सूरत सिटी, गुजरात) शामिल रहे। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


रिपोर्टर