कैमूर की किशोरी का राजस्थान में 2 लाख में सौदा, पुलिस ने किया रेस्क्यू
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 24, 2026
- 3 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर -- बिहार के कैमूर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहाँ नौकरी दिलाने के बहाने एक नाबालिग लड़की का सौदा कर दिया गया। उसे राजस्थान ले जाकर 2 लाख रुपये में बेच दिया गया और जबरन शादी करा दी गई। लेकिन कैमूर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक हफ्ते के अंदर लड़की को सकुशल बचा लिया है। कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग को सीकर, राजस्थान का रहने वाला महेश कुमार नौकरी दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाकर ले गया। लेकिन वहां जाकर उसने लड़की का सौदा कर दिया। महेश ने चूरू जिले के सुभाष भामू नाम के शख्स से 2 लाख रुपये लिए और लड़की की उससे जबरन शादी करा दी।
जब परिजनों को अनहोनी की भनक लगी, तो उन्होंने कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर तुरंत एक विशेष टीम का गठन हुआ और राजस्थान के चूरू जिले के खरियाबाद बस्ती में छापेमारी की गई। पुलिस ने लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है और उसे बंधक बनाकर रखने वाले सुभाष भामू को गिरफ्तार कर लिया है। "लड़की को नौकरी के नाम पर ले जाकर 2 लाख में उसकी शादी करा दी गई थी। हमने लड़की को बरामद कर लिया है और सुभाष को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी महेश कुमार एक संगठित गिरोह का हिस्सा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए हमारी टीम लगातार छापेमारी कर रही है।"
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुभाष ने 2 लाख रुपये देकर लड़की खरीदने की बात कबूल कर ली है। फिलहाल पुलिस लड़की का मेडिकल और कोर्ट में बयान दर्ज करा रही है। वहीं, इस बेहतरीन रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
नौकरी के नाम पर मानव तस्करी का यह मामला बेहद खौफनाक है।


रिपोर्टर