बरसठी में रबी निवेश मेला व किसान जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न, सैकड़ों किसानों ने लिया भाग
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 16, 2026
- 100 views
बरसठी। कृषि विभाग की ओर से “कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम” के अंतर्गत सोमवार को स्थानीय विकास खंड सभागार में खण्ड स्तरीय रबी कृषि निवेश मेला एवं किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत व पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी वर्षा बंग ने की। उन्होंने किसानों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र अमिहित के पशु वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिंह ने पशुपालन को किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं के नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार, नस्ल सुधार एवं प्रशिक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं कृषि वैज्ञानिक डॉ. दिनेश कुमार ने मृदा स्वास्थ्य पर प्रकाश डालते हुए कार्बन जीवांश की महत्ता समझाई। उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रयोग, जैविक खाद तथा हरी खाद के उपयोग से भूमि की उर्वरता एवं उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सकती है।
इस दौरान अन्य कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने रबी फसलों में उन्नत बीजों के प्रयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण, सिंचाई प्रबंधन तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में एडीओ (एजी) सर्वेश पाल ने किसानों से कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक सुनील कुमार ने किया। इस अवसर पर कृषि बीज गोदाम प्रभारी सुभाष पाल, राज कुमार पटेल, बीटीएम धर्मराज वर्षा, सुनील गुप्ता, ज्ञानेंद्र वर्मा सहित कृषि विभाग के कर्मचारी एवं क्षेत्र के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।


रिपोर्टर