नकली पुलिस बनकर करते थे लूट

भिवंडी क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई में चार गिरफ्तार

10.75 लाख का माल बरामद

भिवंडी। भिवंडी क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने चेन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग और नकली पुलिस बनकर लोगों को लूटने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो पेशेवर लुटेरों और चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपियों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों पर 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

क्राइम ब्रांच द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त अमरसिंह जाधव ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।

नकली पुलिस बनकर बनाते थे शिकार.....

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चेन स्नैचिंग और मोबाइल स्नैचिंग के अलावा नकली पुलिसकर्मी बनकर राहगीरों को रोकते और उनके कीमती सामान लूट लेते थे। पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने कबूल किया कि चोरी का माल कल्याण निवासी दिनेश पांडुरंग पाटिल को बेचने के लिए दिया गया था, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में भिवंडी निवासी रविंद्र धनाजी भोसले और पुणे निवासी मोहम्मद अजीज जाफरी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद अजीज जाफरी भिवंडी शहर महामार्ग पर नकली पुलिस बनकर वारदातों को अंजाम देता था। उसने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि लूटे गए आभूषण कर्नाटक निवासी श्रीकांत रामचंद्र गवले को बेचे गए थे।

गुप्त सूचना और तकनीकी जांच से मिली सफलता.....

क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल राउत को मिली गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने भिवंडी के नारपोली क्षेत्र से रविंद्र भोसले को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपी को कल्याण-भिवंडी बाईपास के पास जाल बिछाकर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने भिवंडी, कल्याण, ठाणे, उल्हासनगर, कर्जत रेलवे और पुणे रेलवे क्षेत्र में चेन स्नैचिंग के 18 और मोबाइल स्नैचिंग के 3 मामलों को कबूल किया है। पुलिस अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती स्नैचिंग घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट