सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सामाजिक चेतना का सशक्त केंद्र बना औराई

भदोही ।। औराई 17 जनवरी 2026 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी)मंगलवार को उस समय ज्ञान, नवाचार और सामाजिक चेतना का सशक्त केंद्र बन गया, जब केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय औराई की बीए तृतीय वर्ष की छात्राओं ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा का परिचय देते हुए दो अत्यंत प्रभावशाली और समाजोपयोगी प्रोजेक्ट चिकित्सा अधीक्षक को भेंट किए। छात्राओं की इस ऐतिहासिक पहल ने स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया।

छात्राओं द्वारा निर्मित मानव शरीर के वृक्क (किडनी) का आकर्षक एवं वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत सटीक त्रि-आयामी (3डी) मॉडल कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसने उपस्थित चिकित्सकों और स्टाफ को गहन रूप से प्रभावित किया। यह मॉडल किडनी की संरचना, कार्यप्रणाली और उसके जीवनरक्षक महत्व को अत्यंत सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है। वहीं दूसरे प्रोजेक्ट में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा रीसाइक्लिंग जैसे ज्वलंत विषयों को रचनात्मक चित्रों, प्रभावी मॉडलों और जागरूकता जगाने वाले नारों के माध्यम से प्रस्तुत कर छात्राओं ने सामाजिक चेतना की मिसाल पेश की।

इन प्रोजेक्ट्स को देखकर सीएचसी औराई के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कृष्ण चंद्र दुबे सहित समस्त चिकित्सकगण छात्राओं की प्रतिभा से अभिभूत नजर आए। डॉ. दुबे ने सराहना करते हुए कहा—

"ऐसे प्रोजेक्ट्स यह साबित करते हैं कि हमारी छात्राएँ केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज को दिशा देने की क्षमता भी रखती हैं। यह पहल आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।"

इस अवसर पर डॉ. अम्बरीष सिंह, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. अर्पित, लैब टेक्नीशियन बादल, डेंटल हाइजीनिस्ट शिप्रा मौर्य तथा आशीष सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं शिवानी, आंचल मौर्य, खुशबू सरोज एवं किरण सरोज की मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने छात्राओं को आगे भी नवाचारपूर्ण, शोधपरक और सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन सीएचसी औराई को न केवल एक उपचार केंद्र, बल्कि ज्ञान, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के प्रभावशाली मंच के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम साबित हुआ।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट